LAW'S VERDICT

हाईटेक एम्बुलेंस से हाईकोर्ट में स्वास्थ्य सुविधाओं को मिली मजबूती, वकीलों और पक्षकारों को मिलेगा फायदा

हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने की थी मांग, एक्टिंग चीफ जस्टिस विवेक रूसिया ने दिखाई हरी झंडी

लॉज़ वर्डिक्ट न्यूज़, जबलपुर। 

मध्यप्रदेश हाईकोर्ट, जबलपुर में आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस विवेक रूसिया ने हाईकोर्ट परिसर में पूर्ण रूप से सुसज्जित हाईटेक एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर औपचारिक रूप से रवाना किया।

यह एम्बुलेंस यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की सीएसआर संस्था यूनियन बैंक सोशल फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा अपनी हाईकोर्ट शाखा के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है। इसे हाईकोर्ट की सिविल डिस्पेंसरी को सौंपा गया है, ताकि न्यायालय परिसर में किसी भी आकस्मिक स्वास्थ्य आपात स्थिति के दौरान तत्काल चिकित्सा सहायता और मरीजों को सुरक्षित रूप से अस्पताल पहुंचाने की सुविधा उपलब्ध हो सके।

हाईटेक एम्बुलेंस में लाइफ-सपोर्ट और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसका लाभ हाईकोर्ट परिसर में आने वाले अधिवक्ताओं, पक्षकारों, न्यायालयीन कर्मचारियों और आगंतुकों को मिल सकेगा। एम्बुलेंस के शुभारंभ अवसर पर मप्र हाईकोर्ट बार के कार्यकारी अध्यक्ष अमित जैन, सचिव परितोष त्रिवेदी,  यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के उप महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रबंधक समीर कुमार, सहायक महाप्रबंधक कुंजन पटेल, शाखा प्रबंधक मृदुल उपाध्याय सहित हाईकोर्ट शाखा की टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

हाईकोर्ट बार ने की थी हाईटेक एम्बुलेंस की मांग 

हाईकोर्ट बार के निवर्तमान सचिव परितोष त्रिवेदी ने अधिवक्ताओं की आकस्मिक चिकित्सा जरूरतों को देखते हुए यूनियन बैंक ऑफ इंडिया को एम्बुलेंस उपलब्ध कराने के संबंध में 28 जुलाई 2026 को एक मांग पत्र दिया था। इसके बाद हाईकोर्ट प्रशासन के सहयोग से इस पहल को आगे बढ़ाया गया।

एम्बुलेंस के लोकार्पण के अवसर पर हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस विवेक रूसिया के साथ हाईकोर्ट के अन्य न्यायाधीशगण और बार के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। इस पहल को हाईकोर्ट परिसर में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



Post a Comment

Previous Post Next Post