LAW'S VERDICT

कल अदालतों में हाजिर नहीं होंगे प्रदेश भर के वकील, मनाएंगे प्रतिवाद दिवस

 


शिवपुरी में एक वकील की गोली मारकर हत्या करने पर पूरे प्रदेश के वकील मनाएंगे प्रतिवाद दिवस 

जबलपुर। शिवपुरी में एक वकील की गोली मारकर की गई हत्या के विरोध में पूरे प्रदेश के वकील सोमवार को प्रतिवाद दिवस मनाकर अदालतों में हाजिर नहीं होंगे। यह फैसला रविवार को मप्र स्टेट बार कॉउंसिल ने सर्वसम्मति से लिया है। इससे पहले रविवार को ही मप्र हाईकोर्ट बार, जिला बार और हाईकोर्ट एडवोकेट्स बार ने संयुक्त रूप से सोमवार को प्रतिवाद दिवस मनाने का निर्णय लिया था।  
गौरतलब है कि करेरा तहसील के वकील संजय सक्सेना की शनिवार 14 फरवरी की दोपहर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के वक्त संजय सक्सेना यूनिफॉर्म में अपने घर से कोर्ट जा रहे थे। घटना के बाद शिवपुरी पुलिस ने हत्याकांड में शामिल 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।

7 दिनों का अल्टीमेटम, वरना सीएम हाउस का होगा घेराव 

वहीं, मप्र स्टेट बार कौंसिल के चेयरमैन राधेलाल गुप्ता ने कहा है कि एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट को लागू कराने अब निर्णायक लड़ाई लड़ी जायेगी। श्री गुप्ता के अनुसार रविवार को दोपहर को सभी सदस्यों की ऑनलाइन मीटिंग बुलाकर सोमवार को प्रतिवाद दिवस मनाने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक में सभी सदस्यों की सहमति से यह तय किया गया कि पूरे राज्य में वकीलों की सुरक्षा से जुड़े एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट को लागू कराने राज्य सरकार को 7 दिनों का अल्टीमेटम दिया जाए। इसके बाद भी सरकार यदि कोई ठोस कदम नहीं उठाती तो फिर कॉउंसिल के नेतृत्व में प्रदेश के सवा लाख वकील भोपाल जाकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे। काउंसिल के वाईस चैयरमेन आरके सिंह सैनी ने बताया कि ऑनलाइन मीटिंग के अंत में सभी सदस्यों ने मृत अधिवक्ता संजय सक्सेना को शोक श्रद्धांजलि भी दी। 

वकीलों ने कीं ये मांगें 

स्टेट बार कॉउंसिल की बैठक से पहले रविवार को ही मप्र हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीके जैन, सचिव परितोष त्रिवेदी, जिला बार के अध्यक्ष मनीष मिश्रा, सचिव ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी और हाईकोर्ट एडवोकेट्स बार के सचिव निखिल तिवारी की संयुक्त बैठक हुई।  बैठक में निर्णय लिया है कि अधिवक्ता स्व. संजय सक्सेना के परिवार को सरकार से एक करोड़ रूपए का मुआवजा, उनके आश्रित को सरकारी नौकरी, हत्या के आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की मांग के साथ एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट जल्द से जल्द लागू  करने की भी मांग की जाए।  

चीफ जस्टिस को भेजी गई सूचना 

तीनों बार एसोसिएशनों ने सोमवार को मनाये जाने वाले प्रतिवाद दिवस की जानकारी मप्र हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस को भेजी है।  एसोसिएशनों ने चीफ जस्टिस से आग्रह किया है कि उनकी ये मांगें जायज हैं।  ऐसे में सोमवार को सुनवाई पर लगे मुकदमों को वकीलों की गैरहाजिरी में खारिज न किया जाए। वकील सोमवार को दोपहर साढ़े 12 बजे मुख्यमंत्री के नाम पर एक ज्ञापन जिला कलेक्टर को सौंपेंगे। 

वर्षों से की जा रही मांग, नतीजा सिफर 

इस सम्बन्ध में मप्र हाईकोर्ट बार के अध्यक्ष डीके जैन ने कहा है कि वकीलों की सुरक्षा के लिए पिछले कई वर्षों से एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट को लागू करने की मांग वकीलों द्वारा की जा रही है। एक बार तो भोपाल में वकीलों की महा-पंचायत बुलाकर एडवोकेट्स प्रोटेक्शन को जल्द से जल्द लागू करने का भरोसा भी दिलाया गया, लेकिन अभी तक नतीजा सिफर ही रहा है। 


Post a Comment

Previous Post Next Post