क्षेत्राधिकार का हवाला देकर चीफ जस्टिस की डिवीज़न बेंच ने कहा- इंदौर बेंच में ही होगी सुनवाई
इन्दौर से जबलपुर ट्रांसफर हुए थे मामले
भोजशाला में पूजा और नमाज से जुड़े विवादों को लेकर दायर याचिकाएं पहले इन्दौर बेंच में लंबित थीं। इन्दौर के प्रशासनिक न्यायाधीश विजय कुमार शुक्ला की अध्यक्षता वाली डिवीजन बेंच ने बीते सोमवार को इन मामलों को मुख्यपीठ जबलपुर ट्रांसफर किया था। तर्क दिया गया था कि वर्ष 2006 से संबंधित एक अपील पहले से जबलपुर बेंच में लंबित है। सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों के तहत एकरूपता बनाए रखने के लिए मामले मुख्यपीठ भेजे गए थे, ताकि चीफ जस्टिस उचित आदेश दे सकें।
इन्दौर में ही खुलेगी सीलबंद रिपोर्ट
बुधवार की सुनवाई में केंद्र सरकार की ओर से एडीशनल सॉलिसिटर जनरल सुनील कुमार जैन और राज्य सरकार की ओर से महाधिवक्ता प्रशांत सिंह उपस्थित रहे। डिवीजन बेंच ने स्पष्ट किया कि पूरा रिकॉर्ड इन्दौर बेंच को भेजा जाए। इंदौर हाईकोर्ट में सीलबंद लिफाफे में पेश की गई रिपोर्ट इन्दौर बेंच के निर्देश पर ही खोली जाएगी। आगे की सुनवाई और आदेश इन्दौर खंडपीठ ही करेगी।
