नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने के आरोपी ने हाईकोर्ट में लगाई थी अर्जी
3 लाख की नौकरी ठगी करने वाले ने लगाईं थी अर्जी
यह अग्रिम जमानत अर्जी बैतूल जिले के आमला थाने के ग्राम अंधारिया में रहने वाले प्रवीण देशमुख ने दाखिल की थी। उस पर आरोप है कि नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से 3 लाख रुपये वसूले और न तो बेरोजगारों को नौकरी दिलाई और न ही रकम लौटाई गई, उलटे उन्हें धमकी दी गई। अमला थाना पुलिस ने आरोपी प्रवीण देशमुख के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 294 और 506 के तहत मामला दर्ज किया था। इस मामले में गिरफ्तारी से बचने यह अर्जी दाखिल की गई थी।
कोर्ट के आदेश के बाद भी नहीं पेश हुई केस डायरी
मामले की पहली सुनवाई 3 फरवरी 2026 को हुई थी, जब केस डायरी पेश नहीं की गई। कोर्ट ने सकारी पक्ष को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि अगली तारीख पर डायरी तलब की जाए। लेकिन अगली सुनवाई में भी डायरी प्रस्तुत नहीं की गई। ऐसे रवैये को गंभीरता से लेते हुए कोर्ट ने न केवल इसे नागरिकों के जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकारों से जोड़ते हुए कहा कि इस तरह की लापरवाही न्यायिक प्रक्रिया में बाधा और नागरिक अधिकारों का उल्लंघन है।
तलब हुए SP, देना पड़ा जवाब, SHO निलंबित
पुलिस अधीक्षक (SP) वीरेंद्र जैन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश होकर स्पष्टीकरण देना पड़ा। SP जैन ने अदालत को बताया कि 4 फरवरी को न्यायालय का पत्र मिलने के बावजूद SHO ने जानबूझकर केस डायरी नहीं भेजी। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए SHO को सस्पेंड कर प्रारंभिक विभागीय जांच शुरू कर दी गई। कोर्ट ने पूरे मामले को पुलिस महानिदेशक (DGP) के संज्ञान में लेने के निर्देश भी दिए।
आरोपी को राहत नहीं, अर्जी हुई खारिज
मामले में आरोपी प्रवीण देशमुख पर लगे आरोपों को गंभीरता से लेते हुए अदालत ने कहा- आरोपी पर स्पष्ट आरोप लगे हैं। हमारी राय में यह ऐसा मामला नहीं है, जिसमे आरोपी को अग्रिम जमानत का लाभ दिया जाए। अदालत ने इस मत के साथ आरोपी की ओर से दाखिल अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी।
हाईकोर्ट का आदेश देखें MCRC-3230-2026
