लोक भवन में राज्यपाल मांगू भाई पटेल ने दिलाई शपथ
लॉज़ वर्डिक्ट न्यूज़, जबलपुर।
गुजरात हाईकोर्ट के जस्टिस अल्पेश कोगजे ने गुरुवार को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के 30वें मुख्य न्यायाधीश (Chief Justice) के रूप में शपथ ली। भोपाल स्थित लोक भवन में सुबह 11 बजे आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में जस्टिस कोगजे को पद की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के बाद नए मुख्य न्यायाधीश जस्टिस कोगजे गुरुवार शाम को ही जबलपुर पहुंच गए। वे शुक्रवार को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में आधिकारिक तौर पर कार्यभार ग्रहण करेंगे। समारोह में मप्र हाईकोर्ट के जस्टिस विवेक रुसिया, जस्टिस आनंद पाठक, जस्टिस जीएस अहलूवालिया, जस्टिस सुबोध अभ्यंकर। रजिस्ट्रार जनरल धरमिंदर सिंह आदि मौजूद थे।
शुक्रवार को पहली बार हाईकोर्ट पहुंचेंगे जस्टिस कोगजे
जस्टिस अल्पेश कोगजे शुक्रवार को पहली बार मध्यप्रदेश हाईकोर्ट, जबलपुर पहुंचेंगे। सुबह 10 बजे उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद सुबह 10:30 बजे कोर्ट रूम नंबर-1 में फुलकोर्ट वेलकम ओवेशन यानी औपचारिक स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में हाईकोर्ट के न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं की मौजूदगी रहेगी।
स्वागत समारोह के बाद करेंगे मुकदमों की सुनवाई
फुलकोर्ट स्वागत समारोह के बाद जस्टिस कोगजे की अध्यक्षता वाली डिवीजन बेंच न्यायालय में लंबित मामलों की सुनवाई करेगी। इसके साथ ही मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में उनकी नियमित न्यायिक जिम्मेदारियां शुरू हो जाएंगी।
गुजरात हाईकोर्ट से मध्यप्रदेश हाईकोर्ट पहुंचे
जस्टिस अल्पेश कोगजे इससे पहले गुजरात हाईकोर्ट में न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे। अब उन्हें मध्यप्रदेश हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। उनके शपथ लेने के साथ ही मध्यप्रदेश हाईकोर्ट को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। शुक्रवार को कार्यभार संभालने के बाद वे हाईकोर्ट के प्रशासनिक और न्यायिक कामकाज का नेतृत्व करेंगे।
