LAW'S VERDICT

MP High Court को मिले 30वें Chief Justice: जस्टिस अल्पेश कोगजे जल्द लेंगे शपथ

राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद केंद्र ने शनिवार की रात को जारी की अधिसूचना

लॉज़ वर्डिक्ट न्यूज़, जबलपुर। 

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट को जल्द ही अपना नया मुख्य न्यायाधीश मिलने जा रहे हैं। गुजरात हाईकोर्ट के जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के 30वें चीफ जस्टिस होंगे। राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद केंद्र सरकार ने शनिवार रात देश के आठ हाईकोर्ट में नए मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति की अधिसूचना जारी कर दी है। अब उम्मीद है कि अगले सप्ताह किसी भी दिन भोपाल स्थित राजभवन में मध्य प्रदेश के राज्यपाल जस्टिस अल्पेश कोगजे को मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाएंगे।

गुजरात हाईकोर्ट के जज हैं जस्टिस अल्पेश कोगजे

जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे वर्तमान में गुजरात हाईकोर्ट के न्यायाधीश हैं। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 31 अगस्त 2026 को हुई बैठक में उन्हें मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करने की सिफारिश की थी। राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद अब केंद्र सरकार ने नियुक्ति की औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही उनके मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश बनने का रास्ता साफ हो गया है।

MP High Court के 30वें चीफ जस्टिस होंगे कोगजे

जस्टिस अल्पेश कोगजे मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के 30वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदभार संभालेंगे। उनकी नियुक्ति के साथ मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के प्रशासनिक नेतृत्व में महत्वपूर्ण बदलाव होगा। शपथ ग्रहण के बाद वे हाईकोर्ट की न्यायिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे।

केंद्र ने 8 हाईकोर्ट के लिए जारी की नियुक्ति अधिसूचना

केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से इन नियुक्तियों की औपचारिक घोषणा की। राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद जारी अधिसूचना में देश के आठ उच्च न्यायालयों के लिए नए मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए गए हैं।

इन जजों को बनाया गया चीफ जस्टिस

  • जस्टिस वल्लूरी कामेश्वर राव — दिल्ली हाईकोर्ट के न्यायाधीश से पटना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस।
  • जस्टिस रवींद्र वी. घुगे — बॉम्बे हाईकोर्ट के न्यायाधीश से कलकत्ता हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस।
  • जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल — छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के न्यायाधीश से राजस्थान हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस।
  • जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी — इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश से बॉम्बे हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस।
  • जस्टिस अश्विनी कुमार मिश्रा — पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के न्यायाधीश से पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस।
  • जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा — उड़ीसा हाईकोर्ट के न्यायाधीश से छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस।
  • जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे — गुजरात हाईकोर्ट के न्यायाधीश से मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस।
  • जस्टिस डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी — राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश से जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस।

अगले सप्ताह राजभवन में हो सकता है शपथ ग्रहण

केंद्र की अधिसूचना जारी होने के बाद अब मध्य प्रदेश में जस्टिस कोगजे के शपथ ग्रहण की तैयारियां शुरू होने की उम्मीद है। संभावना है कि अगले सप्ताह भोपाल स्थित राजभवन में राज्यपाल उन्हें मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण की तारीख और समय को लेकर औपचारिक कार्यक्रम बाद में जारी किया जा सकता है।


 

Post a Comment

Previous Post Next Post