LAW'S VERDICT

हाईकोर्ट बार चुनाव 17 को, पहली बार हाईकोर्ट के 4 जज करेंगे मतदान का शुभारंभ

पत्रकार वार्ता में मुख्य चुनाव अधिकारी ने दी मतदान की जानकारी 

लॉज़ वर्डिक्ट न्यूज़, जबलपुर। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के चुनाव 17 अगस्त को होंगे, जबकि मतगणना 18 अगस्त से शुरू होगी। इस बार चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत खास अंदाज में होगी। हाईकोर्ट के चार जज पहली बार मतदान प्रक्रिया का शुभारंभ करेंगे।

मुख्य चुनाव अधिकारी संजय सेठ ने गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि मतदान प्रक्रिया सुबह 10:30 बजे शुरू होगी। इससे पहले सुबह 10 बजे हाईकोर्ट के जस्टिस विशाल धगट, जस्टिस प्रणय वर्मा, जस्टिस एमएस भट्टी और जस्टिस हिमांशु जोशी दीप प्रज्ज्वलित कर मतदान प्रक्रिया का शुभारंभ करेंगे।

3112 वकील करेंगे मतदान

मुख्य चुनाव अधिकारी संजय सेठ के अनुसार, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में कुल 3112 सदस्य अधिवक्ता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान के लिए कुल 65 बूथ बनाए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए मतदान की पूरी प्रक्रिया का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।

पहली बार महिला उम्मीदवारों के लिए 5 पद आरक्षित

इस बार हाईकोर्ट बार चुनाव में महिला अधिवक्ताओं को प्रतिनिधित्व देने के लिए महत्वपूर्ण पहल की गई है।उपाध्यक्ष का एक पद और कोषाध्यक्ष का एक पद महिला उम्मीदवार के लिए आरक्षित रखा गया है। इसके अलावा कार्यकारिणी के कुल आठ पदों में से तीन पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं।

चुनाव टीम भी रही मौजूद

पत्रकार वार्ता में सहायक चुनाव अधिकारी हिमांशु तिवारी, आशीष श्रीवास्तव, सुधाकर मणि पटेल, राजकमल चतुर्वेदी, वंदना श्रोती, राकेश तिवारी, सुशील अग्रवाल, एटी फरीदी, मनीष जैन और नितिन गुप्ता भी मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post