कांटे के मुकाबले में मृगेन्द्र सिंह ने 49 वोटों से पारितोष त्रिवेदी को हराया, असीम त्रिवेदी ने योगेश सोनी को 193 वोटों से दी मात; आज उपाध्यक्ष समेत अन्य पदों की मतगणना
लॉज़ वर्डिक्ट न्यूज़ | जबलपुर
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में मंगलवार को अध्यक्ष और सचिव पद के लिए हुई मतगणना के बाद नई कार्यकारिणी के शीर्ष दो पदों का परिणाम घोषित कर दिया गया। मृगेन्द्र सिंह अध्यक्ष और असीम त्रिवेदी सचिव निर्वाचित हुए हैं। अध्यक्ष पद पर मृगेन्द्र सिंह ने 799 वोट हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पारितोष त्रिवेदी को 49 वोटों के अंतर से पराजित किया। पारितोष त्रिवेदी को 750 वोट मिले। वहीं सचिव पद पर असीम त्रिवेदी ने 894 वोट हासिल किए। उन्होंने योगेश सोनी को 193 वोटों के अंतर से हराया। योगेश सोनी को 701 वोट मिले।
अध्यक्ष पद पर किसे कितने वोट?
मुख्य चुनाव अधिकारी संजय सेठ के अनुसार अध्यक्ष पद के परिणाम इस प्रकार रहे—
- मृगेन्द्र सिंह — 799 वोट
- पारितोष त्रिवेदी — 750 वोट
- संजय वर्मा — 302 वोट
- संपूर्ण तिवारी — 228 वोट
- डीके जैन — 82 वोट
- शंभू दयाल गुप्ता — 44 वोट
मृगेन्द्र सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पारितोष त्रिवेदी को 49 वोटों से हराकर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।
सचिव पद पर असीम त्रिवेदी की बड़ी जीत
सचिव पद पर असीम त्रिवेदी ने स्पष्ट बढ़त के साथ जीत हासिल की। उन्हें 894 वोट मिले, जबकि योगेश सोनी को 701 वोट प्राप्त हुए।
सचिव पद के अन्य उम्मीदवारों को मिले वोट—
- असीम त्रिवेदी — 894
- योगेश सोनी — 701
- शशांक उपाध्याय — 209
- अशोक मिश्रा — 133
- राजीव नयन मिश्रा — 80
- रवीन्द्र गुप्ता — 68
- ओम शंकर पाण्डेय — 56
असीम त्रिवेदी ने योगेश सोनी को 193 वोटों के बड़े अंतर से हराया।
आज उपाध्यक्ष समेत अन्य पदों की मतगणना
अध्यक्ष और सचिव पद के परिणाम घोषित होने के बाद अब हाईकोर्ट बार की नई कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष और अन्य पदों के लिए मतगणना बुधवार को होगी।
चुनाव प्रक्रिया में सुधाकर मणि पटेल, नितिन गुप्ता, हिमांशु तिवारी, मनीष जैन, राकेश तिवारी, एटी फरीदी और वंदना श्रोती ने चुनाव अधिकारियों के रूप में सहयोग किया। वहीं अधिवक्ता जेपी अग्रवाल, जेडएम शाह और दिनेश उपाध्याय का भी विशेष योगदान रहा।
अब बुधवार को होने वाली मतगणना के बाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों की तस्वीर भी साफ हो जाएगी।
