LAW'S VERDICT

MP State Bar Council Election: 122 में से अब तक 62 उम्मीदवार बाहर, सिर्फ एक का निर्वाचन

स्टेट बार काउंसिल की मतगणना के 8वें दिन 4 प्रत्याशी एलिमिनेट

लॉज़ वर्डिक्ट न्यूज़ | जबलपुर

मध्य प्रदेश स्टेट बार काउंसिल चुनाव की जारी मतगणना के एलिमिनेशन राउंड के आठवें दिन सोमवार को चार उम्मीदवार चुनावी दौड़ से बाहर हो गए। इसके साथ ही अब तक कुल 122 में से 62 उम्मीदवार एलिमिनेट हो चुके हैं। वहीं अब तक केवल इंदौर के राकेश सिंह भदौरिया ऐसे प्रत्याशी हैं, जिन्हें निर्वाचित घोषित किया गया है।

मुख्य चुनाव अधिकारी रिटायर्ड जस्टिस एसके पालो तथा सहायक चुनाव अधिकारी जीएस बघेल और दीपक अवस्थी ने मतगणना की स्थिति की जानकारी दी।

चार उम्मीदवार एलिमिनेट

सोमवार को एलिमिनेशन राउंड में निम्न चार प्रत्याशी चुनावी दौड़ से बाहर हुए—

  • द्वारिका सिंह चौहान- जबलपुर
  • रश्मि ऋतु जैन- सागर
  • राज बहोरन सिंह- जबलपुर
  • प्रताप भानू सिंह राजपूत- भोपाल

इन चार उम्मीदवारों के बाहर होने के बाद अब चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों की संख्या और मुकाबला दोनों पर नजर बनी हुई है।

पुरुष वर्ग में ये पांच उम्मीदवार आगे

चुनाव अधिकारियों के अनुसार पुरुष वर्ग में फिलहाल टॉप-5 में शामिल प्रत्याशी हैं—

  1. विवेक सिंह- इंदौर
  2. अखिलेश सक्सेना- इंदौर
  3. संदीप मेहता- उज्जैन
  4. नरेन्द्र कुमार जैन- इंदौर
  5. आरके सिंह सैनी- जबलपुर

इन प्रत्याशियों के प्रदर्शन पर अब अगले एलिमिनेशन राउंड में सभी की निगाहें रहेंगी।

महिला आरक्षण के कारण 5 महिलाओं का चयन होगा

मुख्य चुनाव अधिकारी रिटायर्ड जस्टिस एसके पालो के अनुसार स्टेट बार काउंसिल चुनाव में महिलाओं के लिए पांच पद आरक्षित किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि एलिमिनेशन राउंड के दौरान कोई महिला प्रत्याशी चुनाव प्रक्रिया से बाहर भी हो जाती है, तब भी आरक्षण व्यवस्था के तहत टॉप-5 महिला उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। फिलहाल महिला वर्ग में अन्नू पटेल (सिंगरौली), प्रवीण तिवारी (रीवा) और प्रतीका पाठक चुनाव मैदान में बनी हुई हैं।

अब तक केवल एक प्रत्याशी निर्वाचित

चुनाव समिति के सचिव प्रशांत दुबे के अनुसार मतगणना के आठवें दिन तक 122 उम्मीदवारों में से 62 उम्मीदवार बाहर हो चुके हैं। वहीं इंदौर के राकेश सिंह भदौरिया अब तक एकमात्र ऐसे प्रत्याशी हैं, जिन्हें निर्वाचित घोषित किया गया है। फिलहाल, स्टेट बार काउंसिल चुनाव की मतगणना जारी है और आने वाले एलिमिनेशन राउंड में मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post