2308 अधिवक्ताओं ने डाले वोट, रजिस्ट्रार जनरल कार्यालय में सुरक्षित रखी गईं मतपेटियां; मंगलवार से शुरू होगी मतगणना
लॉज़ वर्डिक्ट न्यूज़ | जबलपुर
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट अधिवक्ता संघ की नई कार्यकारिणी के लिए सोमवार को मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। 3112 मतदाताओं में से 2308 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस तरह मतदान का कुल प्रतिशत 74.16 फीसदी रहा। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी मतपेटियों को पहली बार हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल के कार्यालय में सुरक्षित रखवाया गया है। मंगलवार से मतगणना शुरू होगी। चुनाव अधिकारियों के अनुसार सबसे पहले अध्यक्ष पद के लिए पड़े मतों की गिनती की जाएगी। इसके बाद सचिव पद और फिर अन्य पदों की मतगणना होगी। दोनों ही पदों पर कांटे का मुकाबला है।
शांतिपूर्ण रहा मतदान
मुख्य चुनाव अधिकारी संजय सेठ ने बताया कि मतदान की पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही। किसी भी सदस्य अधिवक्ता की ओर से मतदान को लेकर कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने में पर्यवेक्षकों मनीष दत्त, जेपी अग्रवाल, जेडएम शाह और अमृत कौर रूपराह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इनके साथ सहायक चुनाव अधिकारियों हिमांशु तिवारी, सुधाकर मणि पटेल, एटी फरीदी, राजकमल चतुर्वेदी, आशीष श्रीवास्तव, नितिन गुप्ता, राकेश तिवारी, मनीष जैन, वंदना श्रोती और सुशील अग्रवाल ने भी सहयोग किया। चुनाव प्रक्रिया में करीब 70 स्वयंसेवी कार्यकर्ताओं ने भी अपनी सेवाएं दीं।
पहली बार जजों ने किया मतदान प्रक्रिया का शुभारंभ
हाईकोर्ट बार के इतिहास में इस बार एक महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिला। पहली बार मतदान प्रक्रिया का शुभारंभ मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के न्यायाधीशों द्वारा किया गया। जस्टिस विशाल धगट, जस्टिस प्रणय वर्मा और जस्टिस मनिन्दर सिंह भट्टी ने विधि-विधान से मां सरस्वती का पूजन और दीप प्रज्ज्वलन कर मतदान प्रक्रिया का शुभारंभ किया। इसके बाद सभी उम्मीदवारों की मौजूदगी में न्यायाधीशों ने स्वयं मतपेटियों को सील किया। इसके बाद सोमवार सुबह 10:30 बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम 5:30 बजे तक चला।
आज तय होगा बार का नया नेतृत्व
मतदान संपन्न होने के बाद अब सभी की निगाहें मंगलवार को होने वाली मतगणना पर हैं। सबसे पहले अध्यक्ष पद के लिए मतों की गिनती होगी और इसके बाद सचिव पद का परिणाम सामने आएगा। 74.16 प्रतिशत मतदान के बाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के नए अध्यक्ष और सचिव को लेकर अधिवक्ताओं में उत्सुकता बनी हुई है। मंगलवार को मतगणना पूरी होने के साथ ही नई कार्यकारिणी के नेतृत्व की तस्वीर साफ हो जाएगी।
