LAW'S VERDICT

हाईकोर्ट बार चुनाव: उपाध्यक्ष पद पर पलिया, ज्योतिषी और पाण्डेय आगे, आज आएंगे नतीजे

तीन उपाध्यक्ष पदों के लिए दिनभर चली मतगणना; कुछ वोट दूसरी मतपेटियों में, गुरुवार को होगी आधिकारिक घोषणा

लॉज़ वर्डिक्ट न्यूज़ | जबलपुर

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के चुनाव में बुधवार को उपाध्यक्ष के तीन पदों के लिए दिनभर मतगणना चली। प्रारंभिक मतगणना में पुरुष वर्ग के दो पदों पर विश्वास पलिया और सत्येंद्र ज्योतिषी बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं महिला के लिए आरक्षित उपाध्यक्ष पद पर सुषमा पाण्डेय और अनुराधा तिवारी के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिला। उपाध्यक्ष पद के परिणामों की आधिकारिक घोषणा गुरुवार को की जाएगी।

विश्वास पलिया, सत्येंद्र ज्योतिषी और सुषमा पांडेय हैं आगे

मुख्य चुनाव अधिकारी संजय सेठ के अनुसार बुधवार को हुई मतगणना में पुरुष वर्ग में- विश्वास पलिया - 641 वोट और सत्येंद्र ज्योतिषी- 554 वोट से आगे चल रहे हैं। वहीं महिला के लिए आरक्षित पद पर सुषमा पाण्डेय- 729 वोट और अनुराधा तिवारी- 723 वोट के बीच महज 6 वोटों का अंतर है। ऐसे में दूसरी मतपेटियों से आने वाले वोट परिणाम को बदल सकते हैं।

कुछ वोट दूसरी मतपेटियों में होने की सम्भावना 

मुख्य चुनाव अधिकारी संजय सेठ ने बताया कि करीब कुछ वोट दूसरी मतपेटियों में होने के कारण बुधवार को उपाध्यक्ष पद के परिणाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई। गुरुवार को दूसरी मतपेटियों से वोट प्राप्त होने के बाद उनकी भी गिनती की जाएगी। इसके बाद अंतिम परिणाम घोषित किया जाएगा। मतगणना की प्रक्रिया दिनेश उपाध्याय के मार्गदर्शन में सहायक चुनाव अधिकारियों सुधाकर मणि पटेल, एटी फरीदी, नितिन गुप्ता, आशीष श्रीवास्तव, राजकमल चतुर्वेदी, वंदना श्रोती, राकेश तिवारी, मनीष जैन और हिमांशु तिवारी द्वारा पूरी की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post