LAW'S VERDICT

मप्र स्टेट बार काउंसिल चुनाव 2026: प्रथम वरीयता की मतगणना पूरी

गुरुवार से शुरू होगी वोट ट्रांसफर की प्रक्रिया, फिर आने शुरू होंगे नतीजे 

जबलपुर | लॉज़ वर्डिक्ट न्यूज

मध्य प्रदेश स्टेट बार काउंसिल चुनाव 2026 की मतगणना में बड़ा अपडेट सामने आया है। सोमवार को प्रथम वरीयता (First Preference) के सभी मतों की गिनती पूरी हो गई। अब मंगलवार और बुधवार को मतों का पुनर्मूल्यांकन (Rechecking) किया जाएगा, जबकि गुरुवार से कम मत पाने वाले उम्मीदवारों के बाहर होने और वरीयता मतों के हस्तांतरण (Vote Transfer) की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद चुनाव परिणाम और अधिक स्पष्ट होने लगेंगे।

मुख्य चुनाव अधिकारी सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति एस.के. पालो तथा सहायक चुनाव अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह बघेल और दीपक अवस्थी के अनुसार कुल 61,792 मतों की गणना की गई। इनमें 59,678 मत वैध पाए गए, जबकि 2,114 मत निरस्त घोषित किए गए।

अब तक 18 उम्मीदवार 1,000 से अधिक प्रथम वरीयता मत प्राप्त कर चुके हैं। प्रथम चरण की मतगणना में इंदौर के अधिवक्ता राकेश सिंह भदौरिया 3,317 मतों के साथ शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं।

प्रथम वरीयता मतों में शीर्ष 10 उम्मीदवार

  1. राकेश सिंह भदौरिया (इंदौर) – 3,317 वोट
  2. विवेक सिंह (इंदौर) – 1,760 वोट
  3. आर.के. सिंह सैनी (जबलपुर) – 1,754 वोट
  4. नरेन्द्र कुमार जैन (इंदौर) – 1,694 वोट
  5. संदीप मेहता (उज्जैन) – 1,688 वोट
  6. हितोषी जय हार्डिया (इंदौर) – 1,679 वोट
  7. अखिलेश सक्सेना (इंदौर) – 1,626 वोट
  8. नित्यानंद मिश्रा (जबलपुर) – 1,469 वोट
  9. गौरव मिश्रा (ग्वालियर) – 1,385 वोट
  10. जितेन्द्र शर्मा (ग्वालियर) – 1,303 वोट

अब क्या होगा?

चुनाव समिति के सचिव प्रशांत दुबे ने बताया कि स्टेट बार काउंसिल चुनाव की मतगणना सिंगल ट्रांसफरेबल वोट (STV) प्रणाली के तहत हो रही है। अगले चरण में कम मत प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों को क्रमशः बाहर किया जाएगा और उनके मत मतदाताओं की अगली वरीयता के आधार पर अन्य उम्मीदवारों को स्थानांतरित किए जाएंगे। इसी प्रक्रिया के बाद विजेता उम्मीदवारों की तस्वीर धीरे-धीरे साफ होगी।

कानूनी जगत की नजर अब गुरुवार से शुरू होने वाले इस महत्वपूर्ण चरण पर टिकी है, क्योंकि यहीं से कई उम्मीदवारों की स्थिति बदल सकती है और चुनावी मुकाबला निर्णायक मोड़ पर पहुंच सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post