नामांकन के दूसरे दिन 49 नामांकन दाखिल, आज आखिरी मौका
जबलपुर: मध्य प्रदेश स्टेट बार काउंसिल के आगामी चुनाव को लेकर माहौल गर्माता जा रहा है। इस चुनाव में कई युवा अधिवक्ता भी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। 12 मई को होने वाले चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया जोर पकड़ चुकी है। गुरुवार को नामांकन के दूसरे दिन कुल 49 उम्मीदवारों ने अपने पर्चे दाखिल किए, जबकि पहले दिन 48 नामांकन जमा हुए थे। यानी दो दिनों में कुल 97 नामांकन दाखिल हो चुके हैं।
23 पदों के लिए होगी कड़ी टक्कर
इस चुनाव में नई कार्यकारिणी के लिए 18 पुरुष सदस्य और 7 महिला सदस्य चुने जाएंगे। इससे साफ है कि इस बार मुकाबला काफी रोचक और प्रतिस्पर्धी होने वाला है।
आज आखिरी दिन: 4 बजे तक जमा होंगे नामांकन
मुख्य चुनाव अधिकारी एसके पालो (रिटायर्ड जस्टिस) और सहायक चुनाव अधिकारी जीएस बघेल व दीपक अवस्थी के अनुसार 10 अप्रैल (शुक्रवार) को नामांकन का अंतिम दिन है। उम्मीदवार शाम 4 बजे तक अपने नामांकन दाखिल कर सकते हैं।
चुनावी सरगर्मी चरम पर
बार काउंसिल चुनाव को लेकर वकीलों के बीच राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। अलग-अलग गुट रणनीति बनाने में जुटे हैं। अंतिम दिन नामांकन संख्या में और बढ़ोतरी की संभावना है।
नामांकन के बाद स्क्रूटनी (जांच प्रक्रिया) होगी। वैध उम्मीदवारों की सूची जारी होगी। इसके बाद चुनाव प्रचार तेज होगा।
समर्थकों के साथ रीवा की बेटी ने भरा पर्चा
रीवा की बेटी विधि सिंह परिहार ने गुरुवार को अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया। विधि सिंह स्व. ध्रुव सिंह की पुत्री हैं और मप्र हाईकोर्ट में पिछले कई वर्षों से अपनी स्वतंत्र वकालत कर रही हैं।
