जबलपुर। एयर इंडिया के पायलट सक्षम उर्फ शिवा उपाध्याय आखिरकार 11 दिन बाद खाड़ी देश से सुरक्षित अपने घर जबलपुर लौट आए। 27 फरवरी को फ्लाइट लेकर खाड़ी देश गए शिवा अपनी पूरी टीम के साथ वहीं फंस गए थे। मंगलवार को जब वे घर पहुंचे तो परिवार ने राहत की सांस ली। खास बात यह है कि शिवा की शादी 11 मार्च को होनी है, ऐसे में परिवार की चिंता और भी बढ़ गई थी।
शिवा ने बताया कि पिछले 11 दिन उनके जीवन के सबसे तनावपूर्ण और डरावने दिन रहे। उन्होंने कहा कि इन दिनों खाड़ी देशों का माहौल बेहद खौफनाक है। लगातार हो रहे धमाकों के बीच हर पल यही डर बना रहता था कि जिस होटल में वे ठहरे हैं, कहीं कोई बम वहां न गिर जाए। शिवा ने बताया कि एयर इंडिया के कुल 32 पायलट और क्रू मेंबर वहां फंसे हुए थे। सभी को सुरक्षित निकालने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। आखिरकार एयर इंडिया के समन्वय से पूरी टीम को खाड़ी देश से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
आखिरी दो दिन रहे सबसे मुश्किल
शिवा के अनुसार, 27 फरवरी से 7 मार्च तक पूरी टीम दोहा के एक होटल में रुकी रही। 7 मार्च को वहां से निकलने की खबर मिली। इसके बाद टीम दोहा से दम्मान और फिर जेद्दाह पहुंची, जहां उन्हें दो दिन और रुकना पड़ा। ये दो दिन सबसे ज्यादा मुश्किल भरे रहे। इसके बाद टीम जेद्दाह से बेंगलुरु पहुंची, फिर दिल्ली और आखिरकार मंगलवार दोपहर शिवा जबलपुर पहुंच गए।
घर पहुंचते ही भावुक हुआ परिवार
मंगलवार को घर पहुंचते ही मां रश्मि उपाध्याय ने बेटे को गले से लगा लिया और फिर माथा चूमकर उसका स्वागत किया। पिता संजय उपाध्याय ने कहा कि बेटे के सुरक्षित लौटने से परिवार को बड़ी राहत मिली है। छोटे भाई को देखते ही बड़ी बहन शालू भी खुशी के आंसू रोक नहीं सकीं।
शादी की तैयारियों में लौटी रौनक
शिवा की शादी 11 मार्च को होना थी और 27 फरवरी को वो खाड़ी देश में फंस गए। अचानक बनी इस स्थिति से शादी की तैयारियों के बीच पूरा परिवार चिंतित हो गया था। परिवार के सामने चिंता थी कि अब आगे क्या किया जाए? शादी की पूरी तैयरियों पर विराम सा लग गया था। सोमवार को खाड़ी देश से निकलने के बाद शिवा के मंगलवार को सुरक्षित लौट आने से घर में फिर से खुशियों का माहौल छा गया। परिवार के मुताबिक अब सभी लोग सुकून के साथ शादी की तैयारियों में जुट गए हैं। सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि शिवा के साथ उनकी पूरी टीम भी सुरक्षित अपने-अपने घर पहुंच गई है।

