LAW'S VERDICT

पुलिस मुठभेड़ या स्क्रिप्टेड कहानी? 18 आपराधिक रिकॉर्ड के बावजूद आरोपी को मिली जमानत


भिंड में पुलिस मुठभेड़ में फायरिंग का मामला, कोर्ट ने कहा– लंबी हिरासत आज़ादी के खिलाफ

ग्वालियर। भिंड जिले के उमरी थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ और फायरिंग के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार भोला गुर्जर (ग्वालियर निवासी) को हाईकोर्ट ने जमानत पर रिहा करने के आदेश दिए हैं। जस्टिस मिलिंद रमेश फड़के की अदालत ने कहा है कि इस मामले का ट्रायल जल्द पूरी होने की संभावना नहीं है। ऐसे में आरोपी को लम्बी हिरासत में रखना उसकी आजादी के खिलाफ है।  

पुलिस टीम पर फायरिंग के आरोप 

उमरी थाना पुलिस के मुताबिक 20-21 फरवरी 2025 की रात गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग टीमों ने घेराबंदी की। एक संदिग्ध नीली कार को रोकने की कोशिश के दौरान कथित तौर पर आरोपियों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। दो आरोपियों को पैर में गोली लगी, जबकि एक के पास से देशी कट्टा और कारतूस बरामद होने का दावा किया गया। आरोपी भोला गुर्जर को को 20 फरवरी 2025 को अपराध क्रमांक 28/2025 में गिरफ्तार किया गया था। उस पर बीएनएस  2023 की धारा 109(1), 132, 3(5) तथा आर्म्स एक्ट, 1959 की धारा 25 व 27 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

आरोपी के वकील ने उठाये पुलिस की कहानी पर सवाल 

आरोपी भोला गुर्जर के वकील प्रदीप कटारे ने अदालत में तर्क दिया कि हथियार केवल सह-आरोपी से बरामद हुए, तो आरोपी भोला गुर्जर की भूमिका क्या थी? पूरी कहानी केवल पुलिस अधिकारियों के बयानों पर आधारित है। कथित “जानलेवा फायरिंग” के बावजूद किसी पुलिसकर्मी को खरोंच तक नहीं आई। आरोपी के पैर में गोली लगना बताता है कि वह तत्काल कोई बड़ा खतरा नहीं था। चार्जशीट दाखिल हो चुकी है, अब हिरासत की जरूरत नहीं।

राज्य का विरोध

राज्य सरकार की ओर से जमानत अर्जी का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि आरोपी के खिलाफ 18 आपराधिक प्रकरण लंबित हैं और अपराध की प्रकृति अत्यंत गंभीर है।

कोर्ट ने कहा- ट्रायल जल्द पूरा होने की संभावना नहीं 

अदालत ने कहा कि ट्रायल जल्द खत्म होने की संभावना नहीं है और लंबी प्री-ट्रायल हिरासत व्यक्तिगत स्वतंत्रता के सिद्धांत के विपरीत है। अदालत ने शर्तों के साथ आरोपी को 50 हजार रुपये के निजी मुचलके पर रिहा करने का आदेश दिया।

हाईकोर्ट का आदेश देखें   MCRC-6344-2026

Post a Comment

Previous Post Next Post