LAW'S VERDICT

विदाई से पहले गणपति की शरण में जस्टिस अवनीन्द्र सिंह, रिटायरमेंट से एक दिन पहले की महाआरती

हाईकोर्ट बार एसोसिएशन में विराजे गणेश जी की आरती में शामिल हुए सभी जज और बड़ी संख्या में अधिवक्ता, 17 सितंबर को होगा फुल कोर्ट फेयरवेल

लॉज़ वर्डिक्ट न्यूज़, जबलपुर। 

मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की प्रिंसिपल बेंच में पदस्थ जस्टिस अवनीन्द्र कुमार सिंह 17 सितंबर 2026 को रिटायर होंगे। सेवानिवृत्ति से एक दिन पहले बुधवार को उन्होंने मध्यप्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन में विराजे भगवान गणेश जी की प्रतिमा की महाआरती की।

इस अवसर पर हाईकोर्ट की प्रिंसिपल बेंच के सभी न्यायाधीश, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मृगेन्द्र सिंह, सचिव असीम त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण मौजूद रहे।

रिटायरमेंट से पहले गणेश जी की महाआरती

जस्टिस अवनीन्द्र कुमार सिंह ने रिटायरमेंट से ठीक एक दिन पहले हाईकोर्ट बार एसोसिएशन में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान गणेश जी की महाआरती की। इस दौरान हाईकोर्ट के सीनियर जज जस्टिस विवेक रूसिया, जस्टिस आनंद पाठक, जस्टिस विवेक अग्रवाल सहित सभी न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं की मौजूदगी में कार्यक्रम संपन्न हुआ। बार एसोसिएशन परिसर में आयोजित इस आयोजन में न्यायपालिका और अधिवक्ताओं के बीच आत्मीय माहौल देखने को मिला।

17 सितंबर को होगा फुल कोर्ट फेयरवेल

जस्टिस अवनीन्द्र कुमार सिंह के सम्मान में 17 सितंबर को दोपहर 3:30 बजे से फुल कोर्ट फेयरवेल आयोजित किया जाएगा। उनके रिटायरमेंट के बाद मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या 38 रह जाएगी। हाईकोर्ट में जजों के कुल 53 स्वीकृत पद हैं। इस तरह उनके सेवानिवृत्त होने के बाद 15 पद रिक्त रह जाएंगे।

1990 में शुरू हुई थी न्यायिक यात्रा

जस्टिस अवनीन्द्र कुमार सिंह ने अपनी न्यायिक यात्रा 31 मई 1990 को सिविल जज के रूप में शुरू की थी। इसके बाद उन्होंने न्यायिक सेवा के विभिन्न पदों पर कार्य किया। लंबी न्यायिक सेवा के बाद उन्होंने 1 मई 2023 को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के न्यायाधीश पद की शपथ ली थी। अब 17 सितंबर को उनके रिटायरमेंट के साथ हाईकोर्ट में उनके न्यायिक कार्यकाल का समापन होगा। इस अवसर पर आयोजित फुल कोर्ट फेयरवेल में न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं की ओर से उन्हें विदाई दी जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post