जूनियर वकीलों को प्रमोट करने और नामचीन विधि विशेषज्ञों के लॉ लेक्चर आयोजित करने का किया ऐलान
Laws Verdict News | जबलपुर
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की नव निर्वाचित कार्यकारिणी ने मंगलवार को औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सिल्वर जुबली हॉल में आयोजित समारोह में नव निर्वाचित अध्यक्ष मृगेन्द्र सिंह ने कहा कि बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए पूरी टीम मिलकर काम करेगी। अध्यक्ष मृगेन्द्र सिंह ने कहा कि दो वर्ष के कार्यकाल के लिए पूरा रोडमैप तैयार कर लिया गया है। उनका प्रयास रहेगा कि हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सदस्यों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और अधिवक्ताओं से जुड़े मुद्दों का प्रभावी ढंग से समाधान कराया जा सके।
कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल रहे मुख्य अतिथि
कार्यभार ग्रहण समारोह में मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं जबलपुर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू व नेता प्रतिपक्ष रिंकू विज विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सिल्वर जुबली हॉल में शाम 4:30 बजे आयोजित किया गया। इस दौरान निवर्तमान टीम ने नव निर्वाचित कार्यकारिणी को औपचारिक रूप से कार्यभार सौंपा। समारोह में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने वाले मुख्य चुनाव अधिकारी संजय सेठ और उनकी टीम को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन निवर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष अमित जैन और निवर्तमान सचिव पारितोष त्रिवेदी ने किया।
जूनियर वकीलों को प्रमोट करने पर रहेगा जोर
नव निर्वाचित अध्यक्ष मृगेन्द्र सिंह ने कहा कि कार्यकाल के दौरान जूनियर अधिवक्ताओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जूनियर वकीलों के विधिक ज्ञान और व्यावहारिक अनुभव को बढ़ाने के लिए सुप्रीम कोर्ट और विभिन्न हाईकोर्ट के नामचीन विधि विशेषज्ञों को जबलपुर आमंत्रित कर लॉ लेक्चर आयोजित किए जाएंगे। अध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से युवा अधिवक्ताओं को देश के वरिष्ठ विधिवेत्ताओं से सीखने और अपने पेशेवर कौशल को विकसित करने का अवसर मिलेगा। महिला वकीलों के लिए भी जरूरी सुविधाएं भी जल्द से जल्द मुहैया कराये जाने का भी भरोसा उन्होंने दिलाया।
‘एक प्रतिशत की गुंजाइश को 100 फीसदी में बदलेंगे’
समारोह में विशिष्ट अतिथि और जबलपुर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने हाईकोर्ट बार एसोसिएशन को नगर निगम की ओर से सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट बार एसोसिएशन से जुड़े कार्यों को नगर निगम द्वारा प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। महापौर ने कहा कि यदि किसी काम को पूरा कराने के लिए एक प्रतिशत की भी गुंजाइश होगी तो उसे 100 फीसदी में बदलने का प्रयास किया जाएगा।
नई टीम के सामने अधिवक्ताओं की सुविधाएं बढ़ाने की चुनौती
नई कार्यकारिणी के कार्यभार संभालने के साथ ही अब अधिवक्ताओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों और सुविधाओं पर उसकी कार्ययोजना लागू होने की उम्मीद है। अध्यक्ष मृगेन्द्र सिंह द्वारा बार-बेंच समन्वय, जूनियर अधिवक्ताओं के प्रमोशन और विधिक विशेषज्ञों के व्याख्यान को प्राथमिकता देने की घोषणा की गई है। दो वर्ष के कार्यकाल में नई टीम अपने रोडमैप को किस तरह लागू करती है, यह आने वाले समय में महत्वपूर्ण रहेगा।
ऐसी है हाईकोर्ट बार की नई टीम
अध्यक्ष- मृगेन्द्र सिंह
वरिष्ठ उपाध्यक्ष- विश्वास पलिया
उपाध्यक्ष- सत्येन्द्र ज्योतिषी
महिला उपाध्यक्ष- अनुराधा तिवारी चौबे
सचिव- असीम त्रिवेदी
सह सचिव- रूपेश पटेल (लड्डू)
कोषाध्यक्ष- सुशीला पालीवाल
पुस्तकालय सचिव- अजय शुक्ला
कार्यकारिणी सदस्य (महिला)- विभा पाठक, शांति तिवारी, आरती शर्मा
कार्यकारिणी सदस्य (पुरुष)- आशीष तिवारी, अर्णव तिवारी, अभिजीत सोनी, अतुल द्विवेदी और वरुण कुमार दुबे।
