गणेश प्रतिमा के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना, उत्कृष्ट स्वच्छता और वायु गुणवत्ता के लिए महापौर का बार एसोसिएशन ने किया अभिनंदन
लॉज़ वर्डिक्ट न्यूज़, जबलपुर।
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन द्वारा स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने बुधवार को विधिवत महाआरती कर विघ्नहर्ता की आराधना की। इस अवसर पर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की ओर से महापौर का विशेष अभिनंदन भी किया गया। समारोह के दौरान महापौर ने हाईकोर्ट परिसर में नगर निगम की ओर से जलापूर्ति व्यवस्था स्थापित करने और अधिवक्ताओं के लिए उच्च कोटि की आधुनिक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की घोषणा की।
स्वच्छता और बेहतर वायु गुणवत्ता के लिए महापौर का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान हाईकोर्ट बार के पदाधिकारियों ने देशभर में स्वच्छता और वायु गुणवत्ता के क्षेत्र में जबलपुर नगर निगम के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए महापौर का अभिनंदन किया। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि शहर में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को लेकर नगर निगम की ओर से किए जा रहे प्रयासों का असर शहर के प्रमुख संस्थानों में भी दिखाई देना चाहिए।
हाईकोर्ट परिसर में जल्द मिलेगी जलापूर्ति सुविधा
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कार्यक्रम में घोषणा करते हुए कहा कि हाईकोर्ट परिसर में नगर निगम द्वारा जलापूर्ति की व्यवस्था स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही अधिवक्ताओं के लिए बेहतर और आधुनिक नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने की दिशा में भी काम किया जाएगा। यह घोषणा हाईकोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं और अन्य लोगों के लिए मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बार अध्यक्ष बोले- मूलभूत सुविधाओं के लिए महापौर सदैव तत्पर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मृगेन्द्र सिंह ने कहा कि महापौर हाईकोर्ट परिसर और अधिवक्ता भवनों में मूलभूत सुविधाओं और स्वच्छता को लेकर सदैव तत्पर रहे हैं। वहीं बार एसोसिएशन के सचिव असीम त्रिवेदी ने कहा कि हाईकोर्ट परिसर केवल न्याय का केंद्र ही नहीं, बल्कि जबलपुर की नागरिक चेतना का भी महत्वपूर्ण केंद्र है।
इनकी रही प्रमुख मौजूदगी
भगवान गणेश की महाआरती का आयोजन पूर्व सह सचिव योगेश सोनी और अधिवक्ता ब्रह्मानंद पाण्डेय द्वारा किया गया। इस अवसर पर बार अध्यक्ष मृगेन्द्र सिंह, सचिव असीम त्रिवेदी, विश्वास पलिया, सत्येन्द्र ज्योतिषी, अनुराधा तिवारी चौबे, रूपेश पटेल, सुशीला पालीवाल और अजय शुक्ला सहित बड़ी संख्या में कार्यकारिणी सदस्य और अधिवक्ता मौजूद रहे।
.png)