लॉज़ वर्डिक्ट न्यूज़, जबलपुर।
मध्य प्रदेश स्टेट बार काउंसिल चुनाव की मतगणना के एलिमिनेशन राउंड में मंगलवार को तीन और उम्मीदवार चुनावी दौड़ से बाहर हो गए। इसके साथ ही 122 उम्मीदवारों में से अब तक 81 प्रत्याशियों का एलिमिनेशन हो चुका है और केवल 41 उम्मीदवार चुनाव मैदान में बचे हैं।
मुख्य चुनाव अधिकारी रिटायर्ड जस्टिस एसके पालो के अनुसार मंगलवार को एलिमिनेशन राउंड के 15वें दिन तीन उम्मीदवार चुनाव प्रक्रिया से बाहर हुए। इनमें अनिरुद्ध सिंह बघेल (सीधी), रावेन्द्र मिश्रा (रीवा) और प्रणेन्द्र रांका (खंडवा) शामिल हैं।
राकेश सिंह भदौरिया का निर्वाचन
अब तक कोटा पूरा होने के कारण केवल इंदौर के राकेश सिंह भदौरिया का निर्वाचन हो सका है। बाकी उम्मीदवारों के बीच एलिमिनेशन राउंड की प्रक्रिया जारी है।
स्टेट बार काउंसिल चुनाव में कुल 122 प्रत्याशी मैदान में थे। लगातार चल रही मतगणना और एलिमिनेशन की प्रक्रिया के बाद अब मुकाबला 41 उम्मीदवारों के बीच रह गया है।
31 अगस्त से फिर शुरू होगी मतगणना
मुख्य चुनाव अधिकारी जस्टिस एसके पालो ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व के कारण पांच दिनों के लिए मतगणना स्थगित रहेगी।
अब एलिमिनेशन राउंड की मतगणना का क्रम सोमवार, 31 अगस्त 2026 से दोबारा शुरू होगा। इसके बाद शेष उम्मीदवारों में से आगे होने वाले एलिमिनेशन और निर्वाचन की प्रक्रिया जारी रहेगी।
MP हाईकोर्ट बार चुनाव के नतीजों का अधिकृत ऐलान
इधर, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव के नतीजों का अधिकृत रूप से ऐलान कर दिया गया है। मुख्य चुनाव अधिकारी संजय सेठ ने बताया कि पुनर्गणना के बाद भी नतीजों में कोई बदलाव नहीं हुआ।
हाईकोर्ट बार चुनाव में पदवार निर्वाचित उम्मीदवारों की सूची इस प्रकार है:
- अध्यक्ष: मृगेन्द्र सिंह
- वरिष्ठ उपाध्यक्ष: विश्वास पलिया
- उपाध्यक्ष: सत्येन्द्र ज्योतिषी
- महिला उपाध्यक्ष: अनुराधा तिवारी चौबे
- सह सचिव: रूपेश पटेल
- कोषाध्यक्ष: सुशीला पालीवाल
- पुस्तकालय सचिव: अजय शुक्ला
महिला कार्यकारिणी में तीन निर्वाचित
कार्यकारिणी के महिला पदों पर विभा पाठक, शांति तिवारी और आरती शर्मा निर्वाचित हुई हैं।
पुरुष कार्यकारिणी में पांच उम्मीदवार जीते
कार्यकारिणी के पुरुष पदों पर आशीष तिवारी, अर्णव तिवारी, अभिजीत सोनी, अतुल द्विवेदी और वरुण कुमार दुबे निर्वाचित हुए हैं।
इस तरह हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी की तस्वीर अब पूरी तरह स्पष्ट हो गई है, जबकि स्टेट बार काउंसिल चुनाव में 41 उम्मीदवारों के बीच एलिमिनेशन राउंड का मुकाबला अभी जारी है।
