शपथ लेने के बाद बोले जिला बार जबलपुर के अध्यक्ष मनीष मिश्रा
लॉज़ वर्डिक्ट न्यूज़, जबलपुर।
जिला बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनीष मिश्रा ने बुधवार को पद की शपथ लेने के बाद कहा कि बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय और मजबूत संबंध बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों के कार्यकाल में वकीलों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने का प्रयास किया गया, जिसके चलते एक भी स्ट्राइक नहीं हुई। इसी व्यवस्था को आगे भी जारी रखा जाएगा।
जिला न्यायालय परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनीष मिश्रा ने कहा कि अधिवक्ताओं की समस्याओं का समय पर समाधान करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने बार और बेंच के बीच बेहतर संवाद को न्यायिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया।
इसी माह से शुरू होगा महिला कक्ष का निर्माण
श्री मिश्रा ने यह भी कहा कि हाईकोर्ट की बिल्डिंग कमेटी ने महिला कक्ष और कैंटीन को मंजूरी दे दी है। इस निर्माण कार्य के लिए राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा ने भी आर्थिक सहयोग प्रदान किया है। श्री मिश्रा ने भरोसा दिलाया कि इस महीने में कोर्ट परिसर में महिला कक्ष का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को मिले नियुक्ति पत्र
समारोह को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के जस्टिस हिमांशु जोशी, महाधिवक्ता प्रशांत सिंह और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कृष्णमूर्ति मिश्रा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला बार के सचिव शैलेन्द्र सिंह ठाकुर सहित नई कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
निर्वाचन टीम का भी हुआ सम्मान
जिला बार चुनाव की पूरी प्रक्रिया का सफलतापूर्वक संचालन करने वाली निर्वाचन टीम को भी सम्मानित किया गया। मुख्य चुनाव अधिकारी दिनेश उपाध्याय सहित पूरी टीम को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।

.png)