मध्य प्रदेश स्टेट बार काउंसिल चुनाव 2026 में इंदौर के अधिवक्ता राकेश सिंह भदौरिया पहले विजेता घोषित हुए हैं। पहले चरण की मतगणना पूरी होने के बाद वे कोटा प्राप्त करने वाले एकमात्र उम्मीदवार बने, जिसके बाद स्टेट बार काउंसिल ने उनका अनौपचारिक रूप से विजयी होने का ऐलान किया।
पहले राउंड में सिर्फ एक उम्मीदवार ने पार किया कोटा
मुख्य चुनाव अधिकारी जस्टिस एस.के. पालो, सहायक चुनाव अधिकारी जीएस बघेल, दीपक अवस्थी के अनुसार, चुनाव में कुल 61,796 मत पड़े थे। इनमें से 2,182 मत अवैध पाए जाने के कारण निरस्त कर दिए गए। इसके बाद 59,614 वैध मतों के आधार पर मतगणना की गई। पहले चरण की गणना में राकेश सिंह भदौरिया ही ऐसे उम्मीदवार रहे, जिन्होंने निर्धारित कोटा हासिल कर लिया और उन्हें पहला विजेता घोषित किया गया।
आज से शुरू होगा एलिमिनेशन राउंड
मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि गुरुवार से दूसरे चरण (Elimination Round) की मतगणना शुरू होगी। इस चरण में सबसे कम मत पाने वाले उम्मीदवारों को क्रमशः बाहर किया जाएगा और उनके मत नियमानुसार अन्य उम्मीदवारों को स्थानांतरित किए जाएंगे। यह प्रक्रिया सभी रिक्त पद भरने तक जारी रहेगी।
23 पदों के लिए हो रहा चुनाव
हाई पॉवर्ड कमेटी के सचिव प्रशांत दुबे के अनुसार मध्य प्रदेश स्टेट बार काउंसिल में कुल 23 सदस्यों का चुनाव होना है, जिनमें 18 पुरुष और 5 महिला सदस्य शामिल हैं। इस चुनाव में 98 पुरुष और 24 महिला अधिवक्ताओं ने अपनी दावेदारी पेश की थी। पहले चरण के बाद अब शेष उम्मीदवारों के बीच आगे की मतगणना जारी रहेगी।
अंतिम परिणाम पर रहेगी नजर
पहले चरण में केवल एक उम्मीदवार के निर्वाचित होने के बाद अब सभी की निगाहें दूसरे और आगामी एलिमिनेशन राउंड पर टिकी हैं, जहां शेष 22 सीटों के लिए मुकाबला तय होगा।
