LAW'S VERDICT

हाईकोर्ट ने दिया रक्षाबंधन का तोहफा, 26 से 30 अगस्त तक अवकाश

एक्टिंग चीफ जस्टिस विवेक रूसिया ने मंजूर की 27 अगस्त की छुट्टी  

लॉज़ वर्डिक्ट न्यूज़, जबलपुर। 

रक्षाबंधन पर्व पर मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में अब 26 से 30 अगस्त 2026 तक लगातार पांच दिन अवकाश रहेगा। हाईकोर्ट प्रशासन ने 27 अगस्त को भी छुट्टी घोषित कर दी है। हाईकोर्ट में अब 31 अगस्त से नियमित कामकाज शुरू होगा। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश विवेक रूसिया ने हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के आग्रह को मंजूरी देते हुए 27 अगस्त को अतिरिक्त अवकाश घोषित किया है।यह आदेश हाईकोर्ट की इंदौर और ग्वालियर खंडपीठों में भी रहेगा। इस संबंध में शुक्रवार को हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल धरमिन्दर सिंह ने आदेश जारी किया।

27 अगस्त की छुट्टी के बदले 19 सितंबर को कामकाज

27 अगस्त को घोषित अतिरिक्त अवकाश के बदले शनिवार 19 सितंबर 2026 को हाईकोर्ट में नियमित कामकाज होगा। इस व्यवस्था के बाद 26 से 30 अगस्त तक हाईकोर्ट में लगातार पांच दिन अवकाश रहेगा।

बार एसोसिएशन ने की थी मांग

मध्यप्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के कार्यवाहक अध्यक्ष अमित जैन ने गुरुवार को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश को पत्र भेजकर 27 अगस्त को भी अवकाश घोषित करने का अनुरोध किया था। बार एसोसिएशन ने बताया था कि 26 अगस्त को ईद मिलाद-उन-नबी, 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 29 व 30 अगस्त को पहले से अवकाश है। ऐसे में 27 अगस्त को केवल एक दिन कोर्ट खुलने से अधिवक्ताओं को परेशानी होती।

बाहर से आने वाले वकीलों को मिलेगी सुविधा

बार एसोसिएशन ने कहा था कि जबलपुर स्थित हाईकोर्ट की प्रिंसिपल बेंच में बड़ी संख्या में ऐसे अधिवक्ता हैं, जो दूसरे जिलों और राज्यों से आकर यहां प्रैक्टिस करते हैं। यदि 27 अगस्त को भी छुट्टी रहेगी तो अधिवक्ताओं को 26 से 30 अगस्त तक लगातार पांच दिन का अवकाश मिलेगा। इससे वे आसानी से अपने गृह नगर जाकर रक्षाबंधन का पर्व परिवार के साथ मना सकेंगे।

अब 31 अगस्त को खुलेगा हाईकोर्ट

हाईकोर्ट प्रशासन द्वारा 27 अगस्त की छुट्टी को मंजूरी दिए जाने के बाद बुधवार 26 अगस्त से रविवार 30 अगस्त तक कोर्ट बंद रहेगा। इसके बाद सोमवार 31 अगस्त 2026 से हाईकोर्ट में नियमित कामकाज शुरू होगा।

छुट्टियों का पूरा शेड्यूल

  • 26 अगस्त: ईद मिलाद-उन-नबी अवकाश
  • 27 अगस्त: अतिरिक्त अवकाश
  • 28 अगस्त: रक्षाबंधन अवकाश
  • 29 अगस्त: अवकाश
  • 30 अगस्त: रविवार
  • 31 अगस्त: हाईकोर्ट खुलेगा
  • 19 सितंबर: 27 अगस्त की छुट्टी के बदले नियमित कामकाज

Post a Comment

Previous Post Next Post