LAW'S VERDICT

आरक्षण का महामंगल: मप्र हाईकोर्ट में आज होगी Reservation In Promotion और ओबीसी आरक्षण पर अहम सुनवाई

- ओबीसी आरक्षण : जस्टिस आनंद पाठक व जस्टिस विनय सराफ की बेंच करेगी सुनवाई

- पदोन्नति में आरक्षण: जस्टिस विवेक अग्रवाल और जस्टिस विनय सराफ की स्पेशल बेंच  करेगी सुनवाई

जबलपुर। मध्य प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों के प्रमोशन में आरक्षण की संवैधानिकता को चुनौती देने वाली याचिकाओं की सुनवाई में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। एक्टिंग चीफ जस्टिस विवेक रूसिया ने स्वयं को इस मामले की सुनवाई से अलग (Recuse) कर लिया है। अब मंगलवार दोपहर 2:30 बजे से जस्टिस विवेक अग्रवाल और जस्टिस विनय सराफ की स्पेशल बेंच इस बहुचर्चित मामले की सुनवाई करेगी।

आरबी राय केस में पहले कर चुके थे पैरवी, इसलिए हटे जस्टिस रूसिया 

सोमवार को यह मामला एक्टिंग चीफ जस्टिस विवेक रूसिया और जस्टिस विनय सराफ की डिवीजन बेंच के समक्ष सूचीबद्ध था। सुनवाई के दौरान स्पष्ट किया गया कि आरबी राय केस में अधिवक्ता रहते हुए जस्टिस रूसिया का वकालतनामा दाखिल हुआ था। इसी कारण उन्होंने निष्पक्षता के सिद्धांत का पालन करते हुए स्वयं को मामले की सुनवाई से अलग कर लिया। इसके बाद हाईकोर्ट ने सोमवार की रात को इन मामलों की सुनवाई के लिए जस्टिस विवेक अग्रवाल और जस्टिस विनय सराफ की विशेष पीठ गठित की है।

ओबीसी आरक्षण की 91 याचिकाओं पर भी आज होगी सुनवाई


वहीं मध्य प्रदेश में ओबीसी आरक्षण से जुड़े 87-13 के विवाद के पक्ष और विपक्ष में दाखिल हुईं 91 याचिकाओं पर भी मंगलवार को अहम सुनवाई होगी। जस्टिस आनंद पाठक और जस्टिस विनय सराफ की डिवीजन बेंच में इन मामलों की होने वाली सुनवाई पर भी प्रदेशभर की निगाहें टिकी हुई हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post