मनीष मिश्रा ने नरेन्द्र जैन को 165 वोटों से हराया, सचिव पद पर शैलेन्द्र ठाकुर 181 मतों से जीते; गुरुवार को तीन पदों की मतगणना
जबलपुर | लॉज़ वर्डिक्ट न्यूज
जिला अधिवक्ता संघ जबलपुर के निर्वाचन सत्र 2026-2028 में अध्यक्ष और सचिव पद के नतीजे घोषित हो गए हैं। कड़े मुकाबले में मनीष कुमार मिश्रा ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज करते हुए अपना कब्जा बरकरार रखा, जबकि सचिव पद पर शैलेन्द्र सिंह ठाकुर विजयी हुए हैं।
मनीष कुमार मिश्रा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नरेन्द्र जैन को 165 मतों से पराजित किया। वहीं सचिव पद के मुकाबले में शैलेन्द्र सिंह ठाकुर ने ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी को 181 मतों से हराकर जीत हासिल की।
3,315 में से 2,680 वकीलों ने डाले वोट
मुख्य निर्वाचन अधिकारी दिनेश उपाध्याय के अनुसार जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में कुल 3,315 मतदाता थे। इनमें से 2,680 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान मंगलवार को संपन्न हुआ था, जिसके बाद बुधवार, 29 जुलाई 2026 को मतगणना शुरू की गई। सबसे पहले अध्यक्ष पद के मतों की गिनती हुई और परिणाम घोषित किया गया। इसके बाद सचिव पद की मतगणना कर नतीजे घोषित किए गए।
गुरुवार को इन तीन पदों के खुलेंगे नतीजे
जिला अधिवक्ता संघ की नई कार्यकारिणी की तस्वीर अभी पूरी तरह साफ नहीं हुई है। गुरुवार को उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और सह सचिव पद के लिए मतगणना की जाएगी।
इन पदों के परिणाम घोषित होने के बाद जिला अधिवक्ता संघ जबलपुर की नई कार्यकारिणी की स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी।
मनीष मिश्रा की जीत पर समर्थकों में जश्न
अध्यक्ष पद के परिणाम की घोषणा होते ही मनीष कुमार मिश्रा के समर्थकों और अधिवक्ताओं में उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई देकर जीत का जश्न मनाया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनीष कुमार मिश्रा ने जीत के बाद अधिवक्ता मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने संघ के हितों की रक्षा, अधिवक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान और न्यायालय परिसर में सुविधाओं के विस्तार के लिए काम करने की प्रतिबद्धता जताई।
अब अधिवक्ताओं की नजर गुरुवार को होने वाली शेष तीन पदों की मतगणना पर टिकी है।

