LAW'S VERDICT

MP State Bar Council Election 2026: भोपाल के राजेश व्यास पहुंचे शीर्ष पर

भोपाल के वोटों की आधी गिनती पूरी, कई दिग्गज प्रत्याशियों को मिली बढ़त

जबलपुर। मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल चुनाव 2026 की मतगणना के पांचवें दिन चुनावी तस्वीर में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। सोमवार को भोपाल के मतों की आंशिक गणना के बाद भोपाल के वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश व्यास बढ़त बनाते हुए शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं।

भोपाल के मतों की गिनती के दौरान डॉ. विजय कुमार चौधरी, डॉ. पीसी कोठारी और महेश कुमार मौर्य को भी उल्लेखनीय बढ़त मिलने की जानकारी सामने आई है।

आज पूरी होगी भोपाल के वोटों की गिनती

मुख्य चुनाव अधिकारी रिटायर्ड जस्टिस एसके पालो, सहायक चुनाव अधिकारी जीएस बघेल तथा दीपक अवस्थी के अनुसार भोपाल जिले में कुल 3922 मत डाले गए थे।

भोपाल की कुल 8 मतपेटियों में से 5 मतपेटियों की गणना सोमवार को पूरी कर ली गई। शेष 3 मतपेटियों की गिनती मंगलवार को की जाएगी। इसके बाद ही अधिकृत रूप से प्रत्याशियों की स्थिति और मतों का अद्यतन आंकड़ा जारी किया जाएगा।

भोपाल के बाद बुरहानपुर के वोटों की होगी गिनती

चुनाव कमिटी के सचिव प्रशांत दुबे के अनुसार भोपाल की मतगणना पूर्ण होने के बाद अगला चरण बुरहानपुर जिले के मतों की गणना का होगा। बताया जा रहा है कि मंगलवार की गिनती कई प्रत्याशियों की स्थिति को प्रभावित कर सकती है।

प्रदेशभर की नजरें चुनाव परिणाम पर

मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल चुनाव 2026 को लेकर प्रदेशभर के अधिवक्ताओं में उत्सुकता बनी हुई है। पांच दिनों से जारी मतगणना में लगातार बदलते रुझान चुनाव को रोचक बना रहे हैं। भोपाल के शेष मतों की गिनती के बाद शीर्ष दावेदारों की स्थिति और अधिक स्पष्ट होने की संभावना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post