LAW'S VERDICT

अब गांव-गांव पहुंचेगा न्याय: 51 ‘न्याय साथी’ मोबाइल क्लीनिक वाहनों को CJ ने दिखाई हरी झंडी

जबलपुर। न्याय को अंतिम छोर तक पहुंचाने की दिशा में मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की  ऐतिहासिक पहल से 51 ‘न्याय साथी’ मोबाइल विधिक सहायता क्लीनिक वाहनों को चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा ने हरी झंडी दिखाकर बुधवार को रवाना किया। यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश हाईकोर्ट, जबलपुर परिसर में बुधवार को आयोजित हुआ। इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा के नेतृत्व में की गई। कार्यक्रम में प्रशासनिक न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष विवेक रूसिया सहित अन्य न्यायाधीश भी मौजूद रहे।

ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों तक पहुंचेगी विधिक मदद

इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के दूरस्थ, ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों तक विधिक सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना है। इन मोबाइल क्लीनिकों के माध्यम से लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता, कानूनी परामर्श और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जायेगी। 

विशेष रूप से महिलाएं, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांगजन, अनुसूचित जाति/जनजाति और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को प्राथमिकता दी जाएगी।

गांव स्तर पर ही सुलझेंगे विवाद

इन ‘न्याय साथी’ वाहनों के जरिए प्री-लिटिगेशन सलाह दी जाएगी। मध्यस्थता (मेडिएशन) के माध्यम से विवाद सुलझाए जाएंगे और लोक अदालत से संबंधित सेवाएं गांवों में ही उपलब्ध होंगी। पैरा लीगल वालंटियर्स इन वाहनों के माध्यम से विधिक जागरूकता शिविर आयोजित करेंगे और लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे।

ग्राम और पारिवारिक न्यायालयों को भी मिलेगी गति

कार्यक्रम के दौरान ग्राम न्यायालयों और पारिवारिक न्यायालयों के संचालन को सुदृढ़ करने के लिए भी वाहनों को रवाना किया गया। इससे न्यायिक प्रक्रियाओं में तेजी आएगी और ग्रामीण क्षेत्रों में न्याय की पहुंच और बेहतर होगी। 

Post a Comment

Previous Post Next Post