केंद्र सरकार ने जारी की अधिसूचना, जल्द संभालेंगे पदभार
जबलपुर। सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम की सिफारिश के बाद केंद्र सरकार ने जस्टिस सुश्रुत अरविन्द धर्माधिकारी को मद्रास हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाने की अधिसूचना गुरुवार को जारी कर दी है। जस्टिस धर्माधिकारी वर्तमान में केरल हाईकोर्ट में न्यायाधीश हैं और उनका पैरेंट हाईकोर्ट मप्र उच्च न्यायालय है। वे मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के ऐसे 18वें जज हैं, जिन्हें देश के दूसरे उच्च न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश बनने का अवसर मिलेगा।
ध्यान रहे कि जस्टिस धर्माधिकारी की इस पदोन्नति की सिफारिश 26 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की हुई बैठक में लिया गया था। यह सिफारिश मद्रास हाईकोर्ट के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस मनिन्द्र मोहन श्रीवास्तव के 5 मार्च 2026 को होने वाले सेवानिवृत्ति को ध्यान में रखते हुए की गई थी।
दो माह पहले ट्रांसफर की नई नीति
कॉलेजियम ने इस दौरान एक नीतिगत निर्णय भी लिया था। इसके तहत अब जिस न्यायाधीश को किसी उच्च न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश बनाया जाना होगा, उसे संबंधित हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश का पद रिक्त होने से लगभग दो माह पहले ही स्थानांतरित किया जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य यह था कि नियुक्ति से पहले ट्रांसफर होने वाले न्यायाधीश संबंधित हाईकोर्ट के न्यायिक और प्रशासनिक कार्यों से परिचित हो सके, जिससे मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभालने में सुविधा हो।
मप्र के कौन से जज बने चीफ जस्टिस
1- ज. जीजी सोहानी- पटना2- ज. बीसी वर्मा- पंजाब हरियाणा
3- ज. एसके सेठ- हिमाचल प्रदेश
4- ज. गुलाब गुप्ता- हिमाचल प्रदेश
5- ज. केएम अग्रवाल- सिक्किम
6- ज. बीएम लाल- पटना
7- ज. राजीव गुप्ता- छत्तीसगढ़
8- ज. आरएस गर्ग- गुवाहाटी
9- ज. उमानाथ सिंह- मेघालय
10- ज. अजित सिंह- गुवाहाटी
11- ज. राजेन्द्र मेनन - नई दिल्ली
12- ज. आरएस झा- पंजाब हरियाणा
13- ज. संजय यादव - इलाहाबाद
14- ज. प्रकाश श्रीवास्तव- कोलकाता
15- ज. आलोक अराधे- तेलंगाना
16- ज. शील नागू- पंजाब हरियाणा
17- ज. सुजय पॉल- कोलकाता
