SALSA और नगर निगम की पहल से जबलपुर में 3 दिवसीय कम्युनिटी मेडिएशन ट्रेनिंग शुरू, समाज में सौहार्द बढ़ाने और अदालतों का बोझ कम करने पर है जोर
जबलपुर। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (MPSLSA) के सभागार में सेवानिवृत्त अधिकारियों, पेशेवरों और विशेषज्ञों के लिए 20 घंटे का तीन दिवसीय “कम्युनिटी मेडिएशन ट्रेनिंग प्रोग्राम” शुरू हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और नगर निगम जबलपुर के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सेवानिवृत्त अधिकारियों के अनुभव का उपयोग करते हुए समाज में आपसी विवादों को सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जो मप्र के चीफ जस्टिस एवं एमपी स्टेट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी के पैट्रन-इन-चीफ न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा के दूरदर्शी नेतृत्व तथा कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति विवेक रूसिया के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ न्यायमूर्ति विवेक रूसिया ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी जबलपुर राघवेंद्र सिंह, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, एमसीपीसी नई दिल्ली के सीनियर ट्रेनर संदीप सक्सेना तथा एमपी स्टेट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी की सदस्य सचिव सुमन श्रीवास्तव उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर कम्युनिटी मेडिएशन पर आधारित एक ब्रोशर का भी विमोचन किया गया, जिसमें सरल भाषा में समुदाय स्तर पर विवाद समाधान की प्रक्रिया और महत्व को समझाया गया है।
समाज में विवादों को सुलझाने का प्रभावी माध्यम
अपने संबोधन में न्यायमूर्ति विवेक रूसिया ने कहा कि कम्युनिटी मेडिएशन समाज में छोटे-छोटे विवादों को जमीनी स्तर पर सुलझाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। इससे न केवल अदालतों पर लंबित मामलों का बोझ कम होता है बल्कि समाज में आपसी समझ, सहयोग और सौहार्द भी बढ़ता है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारी दशकों के प्रशासनिक अनुभव और सामाजिक सम्मान के कारण समुदाय में विश्वास रखते हैं। ऐसे में वे मध्यस्थ के रूप में विवादों को सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इंदौर के अनुभव का किया उल्लेख
न्यायमूर्ति रूसिया ने इंदौर में चलाए गए कम्युनिटी मेडिएशन कार्यक्रम के अनुभव साझा करते हुए बताया कि वहां जिला प्रशासन और पुलिस कमिश्नरेट के सहयोग से आम नागरिकों के कई विवादों का समय पर समाधान संभव हुआ। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक संस्थाओं के सहयोग से इस व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकता है।
ADR प्रणाली को मजबूत करने की पहल
एमपी स्टेट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी की सदस्य सचिव सुमन श्रीवास्तव ने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य कम्युनिटी मेडिएटर्स का प्रशिक्षित समूह तैयार करना है, जो स्थानीय स्तर पर विवादों को शांतिपूर्ण और संरचित तरीके से सुलझाने में मदद कर सके। यह पहल वैकल्पिक विवाद समाधान (ADR) प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्रशासन और नगर निगम का समर्थन
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने कहा कि कम्युनिटी मेडिएशन से पड़ोसी और नागरिक विवादों का शुरुआती स्तर पर समाधान संभव होगा। वहीं नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने कहा कि नगर निगम ऐसे कार्यक्रमों में पूरा सहयोग देगा, क्योंकि इससे सामाजिक सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण को बढ़ावा मिलेगा।
विशेषज्ञ दे रहे तकनीकी प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के तकनीकी सत्र एमसीपीसी नई दिल्ली के सीनियर ट्रेनर संदीप सक्सेना द्वारा संचालित किए जा रहे हैं। इनमें प्रतिभागियों को मेडिएशन तकनीक, संवाद कौशल, नेगोशिएशन स्ट्रेटेजी और विवाद समाधान के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी जा रही है। इंटरैक्टिव चर्चा, केस स्टडी और अभ्यास के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कई अधिकारी और प्रतिनिधि रहे मौजूद
उद्घाटन सत्र के अंत में एमपीएसएलएसए के अतिरिक्त सचिव अरविंद श्रीवास्तव ने आभार व्यक्त किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन उप सचिव अनिरुद्ध जैन ने किया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर की सचिव शक्ति वर्मा, एनआईसी के नोडल अधिकारी आशीष शुक्ला, जिला विधिक सहायता अधिकारी प्रदीप सिंह ठाकुर और दिग्विजय सिंह, प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।
Tags
SALSA
