मप्र हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने एक्टिंग चीफ जस्टिस को भेजी चिट्ठी
26 से 30 अगस्त तक छुट्टी की मांग
बार एसोसिएशन ने पत्र में बताया कि 26 अगस्त को ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर हाईकोर्ट में अवकाश है। इसके बाद 27 अगस्त को कार्यदिवस रखा गया है, जबकि 28 अगस्त को रक्षाबंधन का अवकाश है। 29 और 30 अगस्त को भी अवकाश रहेगा। ऐसे में 26 से 30 अगस्त के बीच केवल 27 अगस्त को ही कार्यदिवस है। बार एसोसिएशन का कहना है कि एक दिन के कार्यदिवस के कारण बाहर के जिलों और राज्यों से जबलपुर में रहकर प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ताओं को परेशानी हो सकती है।
बाहर के जिलों के वकीलों को होगी परेशानी
बार एसोसिएशन के अनुसार, मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की प्रिंसिपल बेंच जबलपुर में बड़ी संख्या में ऐसे अधिवक्ता प्रैक्टिस करते हैं, जो जबलपुर के अलावा दूसरे जिलों या राज्यों के रहने वाले हैं। यदि 27 अगस्त को भी छुट्टी घोषित कर दी जाती है तो 26 से 30 अगस्त तक लगातार पांच दिन का अवकाश मिल जाएगा। इससे अधिवक्ताओं को अपने गृह नगर जाने और रक्षाबंधन का पर्व परिवार के साथ मनाने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।
हाईकोर्ट प्रशासन से फैसला लेने का अनुरोध
बार एसोसिएशन ने कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश से अनुरोध किया है कि अधिवक्ताओं की सुविधा को देखते हुए 27 अगस्त 2026 को अवकाश घोषित करने पर विचार किया जाए। फिलहाल 27 अगस्त को कार्यदिवस है और बार एसोसिएशन की ओर से इसे भी अवकाश घोषित करने की मांग की गई है। इस संबंध में अंतिम निर्णय हाईकोर्ट प्रशासन द्वारा लिया जाएगा।
