LAW'S VERDICT

जस्टिस विवेक रूसिया ने संभाला मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश का प्रभार

जबलपुर। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश विवेक रूसिया ने मंगलवार दोपहर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश (Acting Chief Justice) का प्रभार ग्रहण कर लिया। राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी अधिसूचना के बाद उन्होंने यह जिम्मेदारी संभाली। हाईकोर्ट को नए मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति होने तक वे इस पद पर कार्यरत रहेंगे।

गौरतलब है कि संजीव सचदेवा के उच्चतम न्यायालय में पदोन्नत होने के बाद केंद्र सरकार ने जस्टिस विवेक रूसिया को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की अधिसूचना जारी की थी। न्यायिक और विधिक क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव तथा उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।

तीन दशक से अधिक का विधिक अनुभव

जस्टिस विवेक रूसिया ने 8 अगस्त 1992 को वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्गीय प्रभाकर रूसिया के पुत्र होने के साथ-साथ वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्गीय पी. सदाशिवन नायर के मार्गदर्शन में वकालत की शुरुआत की थी। अधिवक्ता के रूप में वर्षों की सफल प्रैक्टिस के बाद उन्हें मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था। 7 अप्रैल 2016 को उन्होंने न्यायाधीश पद की शपथ ग्रहण की।

त्वरित और व्यावहारिक फैसलों के लिए पहचान

न्यायिक सेवा के दौरान जस्टिस रूसिया ने अनेक महत्वपूर्ण मामलों में फैसले सुनाए हैं। वे त्वरित न्याय, कानूनी बारीकियों की गहरी समझ और न्यायिक प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाने के प्रयासों के लिए विशेष रूप से जाने जाते हैं। उनके कई फैसले व्यापक चर्चा का विषय रहे हैं। विशेष रूप से स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों के परिवहन संबंधी नियमों और निजी स्कूलों की फीस संरचना से जुड़े मामलों में दिए गए उनके निर्णय काफी सुर्खियों में रहे। इन मामलों में उनके आदेशों को शिक्षा व्यवस्था और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों के रूप में देखा गया।

न्यायपालिका को नई दिशा मिलने की उम्मीद

मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में जस्टिस विवेक रूसिया की नियुक्ति को न्यायिक प्रशासन की निरंतरता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। न्यायिक कार्यप्रणाली में उनकी दक्षता, प्रशासनिक अनुभव और संतुलित दृष्टिकोण को देखते हुए विधिक जगत में उनसे प्रभावी नेतृत्व की अपेक्षा की जा रही है। नए मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति तक वे हाईकोर्ट के प्रशासनिक और न्यायिक कार्यों का नेतृत्व करेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post